{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पीएम मोदी के 'माफ किया' बयान पर कांग्रेस का पलटवार, बोली- विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं
 

 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री युवाओं को माफ करने की बात कहकर "विक्टिम कार्ड" खेल रहे हैं, जबकि उन्हें पेपर लीक, छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई और युवाओं को हुई परेशानियों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो में "आत्ममुग्धता की पराकाष्ठा" दिखाई है। उन्होंने कहा कि देश और युवाओं का अपमान हुआ है, क्योंकि जिन छात्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई, उन्हें ही दोषी ठहराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री की "इंस्टाग्राम सभाएं" अब लोगों को प्रभावित नहीं कर रही हैं।

पीएम मोदी ने वीडियो में क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो में कहा था कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उन्हें और उनकी दिवंगत मां को अपशब्द कहे गए, जिससे उन्हें दुख पहुंचा। उन्होंने कहा कि कुछ बेटियों ने भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, लेकिन वह इन "भटके हुए बच्चों" को माफ करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह युवाओं की पीड़ा को समझते हैं और उन्हें सही दिशा दिखाना समय की जरूरत है।

कांग्रेस का पलटवार

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनकी सरकार के दौरान लाखों युवाओं को पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से जुड़े पेपर लीक मामलों और छात्र आंदोलनों के दौरान हुई कथित बर्बर कार्रवाई के लिए माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और संसद के भीतर तथा बाहर झूठ फैलाने वालों को संरक्षण देते हैं।

अन्य मुद्दों का भी उठाया जिक्र

कांग्रेस ने अपने बयान में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित अनियमितताओं, नोटबंदी और एमएसएमई क्षेत्र को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया। पार्टी का कहना है कि इन मुद्दों पर भी प्रधानमंत्री को देश के सामने जवाब देना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।