पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि, सद्भावना दिवस के रूप में मनाई जयंती
वाराणसी। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने मैदागिन चौराहे स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाते हुए देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के जीवन, विचारों और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, संचार तथा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया।
जिला कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे। उनके कार्यकाल में सूचना एवं संचार क्रांति, कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक के विस्तार की मजबूत नींव रखी गई। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में अधिक भागीदारी का अवसर देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए।
महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राजीव गांधी का पूरा जीवन भारत को आधुनिक, आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने तकनीकी और वैज्ञानिक विकास को बढ़ावा देने के साथ पंचायती राज संस्थाओं को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सद्भावना दिवस का संदेश और भी महत्वपूर्ण है। देश की विविधता को उसकी ताकत बताते हुए उन्होंने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सभी धर्मों एवं वर्गों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने “राजीव गांधी अमर रहें” के नारे लगाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, गुलशन अली, सैय्यद हसन अंसारी, संतोष चौरसिया, प्रमोद वर्मा, नरसिंह दास, अरविंद कुमार, रामकेश यादव, विजय देवल, अनिल चौधरी, शशी सोनकर, मिथुन सरकार, सत्येंद्र तिवारी, गोपाल चौबे, राजेश्वर विश्वकर्मा, किशन यादव, रामजी गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।