बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता बदलना चाहती है कांग्रेस... राजनाथ सिंह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, वोट चोरी के आरोपों को बताया बेबुनियाद
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि राहुल गांधी के पास अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं है। राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन करने और राजनीतिक अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
तीन दिवसीय लखनऊ दौरे के दूसरे दिन मीडिया से बातचीत करते हुए रक्षा मंत्री ने दिल्ली में हाल के दिनों में हुए विरोध-प्रदर्शनों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके राजनीतिक सहयोगी युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण और रचनात्मक कार्यों में लगाने के बजाय राजनीतिक टकराव की ओर मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
युवाओं को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने का आरोप
राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उनका आरोप था कि कांग्रेस और उसके समर्थक संगठन युवाओं को राजनीतिक संघर्ष में आगे कर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाया जा रहा है। युवाओं की शक्ति का इस्तेमाल देश के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए होना चाहिए, न कि राजनीतिक टकराव बढ़ाने के लिए।
'बांग्लादेश से प्रेरणा लेकर सत्ता परिवर्तन की बात कर रहे'
रक्षा मंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग खुले तौर पर बांग्लादेश के घटनाक्रम से प्रेरणा लेकर भारत में शासन बदलने की बात कर रहे हैं। वहीं, कुछ अन्य लोग सरकार गिराने का दावा कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी से स्पष्ट होता है कि विपक्ष का उद्देश्य चुनावी सुधार करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करके सत्ता हासिल करना है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार या चुनाव सुधारों से जुड़ा नहीं है। उनके अनुसार, इसके पीछे राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का एजेंडा है।
वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी को घेरा
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावों में अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है, जबकि उसके पास आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं।
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस की चुनावी हार पर तंज कसते हुए कहा कि उसकी पराजय का कारण वोट चोरी नहीं, बल्कि कामचोरी है। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए उनके कथित 'हाइड्रोजन बम' को दिवाली का पटाखा भी साबित नहीं होने की बात कही।
लखनऊ में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से करेंगे मुलाकात
तीन दिवसीय दौरे के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को लखनऊ के कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर शोक संतप्त परिवारों से मिलेंगे और दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।