कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में ‘वंदे मातरम्’ पर प्रस्ताव पारित, राहुल गांधी बोले- ‘एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत’
New Delhi : कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) की बुधवार, 19 अगस्त को हुई बैठक में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में गीत के दो छंदों को लेकर प्रस्ताव पर चर्चा हुई और इसे मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की एकता को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और एकजुटता ही कांग्रेस की मजबूती है।
राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि मोदी और अमित शाह फिनिश हो चुके हैं। हमारी पार्टी में एकता बड़ी शक्ति है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी राजनीतिक घटनाक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी एकता और विचारधारा को मजबूत बनाए रखना होगा।
शिक्षा और छात्रों के मुद्दे पर भी चर्चा
बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों के चार मुख्यमंत्रियों से शिक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान देने को कहा गया। राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और संस्थागत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी तरह का अहित नहीं होना चाहिए। देश का युवा कांग्रेस की ताकत है और छात्रों से जुड़े मुद्दों को पूरे देश में उठाया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की लड़ाई हर मोर्चे और हर जगह लड़ी जाएगी। पार्टी की ओर से शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाने की बात कही गई।