{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CTET 2026 परीक्षा स्थगित: दोबारा खुली आवेदन विंडो, जानें क्यों लिया गया फैसला और किसे फिर भरना होगा फॉर्म
 

 

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के 22वें संस्करण को स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड ने उन पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन करने का एक और अवसर दिया है, जो पहले आवेदन प्रक्रिया के दौरान अपना फॉर्म नहीं भर सके थे।

सीबीएसई की ओर से जारी ताजा सार्वजनिक सूचना के मुताबिक, CTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक दोबारा खुली रहेगी। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही सफलतापूर्वक अपना आवेदन जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लिया फैसला

सीबीएसई ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया दोबारा खोलने का निर्णय हाल ही में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। फैसले में पात्र शिक्षकों को निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की योग्यता हासिल करने की कानूनी आवश्यकता पूरी करने के लिए उचित अवसर देने पर जोर दिया गया था।

इसी को देखते हुए बोर्ड ने उन पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त अवसर देने का फैसला किया है, जो पहले निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर सके थे।

पहले कब हुए थे आवेदन?

CTET के 22वें संस्करण के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। सीबीएसई ने 8 मई 2026 को सार्वजनिक सूचना जारी की थी, जिसके बाद अभ्यर्थियों से 11 मई से 10 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए गए थे।

अब पात्र अभ्यर्थी, जो उस अवधि में आवेदन नहीं कर सके थे, 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक दोबारा खोली गई आवेदन विंडो के जरिए अपना फॉर्म भर सकते हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

  • CTET 2026 के लिए आवेदन की नई अवधि 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक है।
  • पहले सफलतापूर्वक आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन नहीं करना है।
  • अतिरिक्त आवेदन का अवसर केवल उन पात्र अभ्यर्थियों के लिए है, जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे।
  • अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
  • नई परीक्षा तारीख का इंतजार

परीक्षा स्थगित होने के बाद सीबीएसई ने अभी CTET 2026 की नई परीक्षा तारीख घोषित नहीं की है। बोर्ड के अनुसार, 1 सितंबर को आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद परीक्षा की संशोधित तारीख घोषित की जाएगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की नई तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी निर्देशों के लिए CTET की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।