{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर दिल्ली HC चिंतित, कहा- हर नागरिक की जिंदगी कीमती
 

 

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर दायर याचिका पर गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताई और कहा कि हर नागरिक का जीवन कीमती है। सरकार को उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए हर संभव कदम उठाना चाहिए।

केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि सोनम वांगचुक का प्रतिदिन मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। साथ ही, उनकी स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी जानकारी नियमित रूप से साझा की जा रही है।

एसजी के आश्वासन के बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि सोनम वांगचुक की मेडिकल स्थिति की रोजाना क्लिनिकल निगरानी की जाए। कोर्ट ने यह भी कहा कि डॉक्टरों की सलाह के आधार पर जरूरत पड़ने पर उन्हें हर आवश्यक मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाए। इन निर्देशों के साथ कोर्ट ने जनहित याचिका का निपटारा कर दिया।

मानसून सत्र से पहले पुलिस सतर्क

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को लेकर दिल्ली पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया के जरिए उनके समर्थन में लोगों और राजनीतिक नेताओं से 20 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की गई है।

इसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। वहीं, सोनम वांगचुक की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए यह संभावना भी जताई जा रही है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल में भर्ती करा सकती है।