{"vars":{"id": "130921:5012"}}

शोर-शराबे का विरोध करने पर 54 वर्षीय रिटायर्ड म्यूजिशियन की पीट-पीटकर हत्या, सभी आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के किलोकरी गांव में घर के बाहर शोर-शराबे का विरोध करने पर 54 वर्षीय रिटायर्ड म्यूजिशियन विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि ढाबा कर्मचारियों और डिलीवरी बॉयज ने उन पर हमला किया। सनलाइट कॉलोनी पुलिस ने हत्या की FIR दर्ज कर नाबालिग समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 

नई दिल्ली: दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र के किलोकरी गांव में घर के बाहर हो रहे शोर-शराबे का विरोध करना एक 54 वर्षीय शख्स को भारी पड़ गया। आरोप है कि ढाबा कर्मचारियों और डिलीवरी बॉयज ने विरोध करने पर विक्रम सिंह के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। गंभीर चोटों के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या की धाराओं में FIR दर्ज कर नाबालिग समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घर के सामने शोर का विरोध करने पर हुआ हमला

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, किलोकरी गांव निवासी सी. विक्रम सिंह रिटायर्ड म्यूजिशियन थे। उनके घर के सामने कुछ ढाबा कर्मचारियों और डिलीवरी बॉयज के शोर-शराबे और हंगामे से वह परेशान थे।

बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह ने नीचे जाकर वहां मौजूद लोगों को शोर करने से मना किया और आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

बेटे ने अस्पताल में कराया भर्ती

घटना के बाद विक्रम सिंह के बेटे याइफाबा ने उन्हें गंभीर हालत में तुरंत पास के होली फैमिली हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इलाज के दौरान विक्रम सिंह की मौत हो गई।

PCR कॉल के बाद शुरू हुई जांच

7 सितंबर को सनलाइट कॉलोनी थाने में GD नंबर 10A के तहत PCR कॉल मिली। कॉल में किलोकरी गांव निवासी विक्रम सिंह के साथ मारपीट की जानकारी दी गई थी। मामले की जांच जरूरी कार्रवाई के लिए थाने के ASI वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई। शुरुआती जांच में शोर-शराबे को लेकर विवाद और उसके बाद मारपीट की बात सामने आई।

हत्या की धाराओं में FIR, सभी आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल था।

पुलिस के मुताबिक, अब सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में मारपीट और विक्रम सिंह की मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

पुलिस जुटा रही घटना से जुड़े तथ्य

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही, आरोपियों की भूमिका और विक्रम सिंह को लगी चोटों से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।