{"vars":{"id": "130921:5012"}}

AAP की रैली को दिल्ली पुलिस ने नहीं दी परमिशन, भड़के केजरीवाल, बोले- लोकतांत्रिक गतिविधियों को...

 


नई दिल्ली। आबकारी नीति मामले में अदालत से राहत मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में एक रैली करने की घोषणा की थी। यह रैली रविवार, 1 मार्च को जंतर-मंतर पर आयोजित होनी थी। हालांकि, अंतिम समय में दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी, जिसके चलते कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

केजरीवाल ने उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि रैली की घोषणा कई दिन पहले कर दी गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस ने इसे रद्द कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह फैसला हालिया कोर्ट के आदेश से जुड़ा है?

केजरीवाल ने कहा कि रैली करना और अपनी बात जनता के सामने रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि इस तरह से लोकतांत्रिक गतिविधियों को रोकना उचित नहीं है और उन्हें रैली की अनुमति दी जानी चाहिए।

 संजय सिंह का भी आरोप

पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर आंदोलन और सभाओं के लिए निर्धारित स्थान है, जहां अनुमति देना दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी है।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार घबराई हुई है, इसलिए रैली की इजाजत नहीं दी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने कई बार दिल्ली पुलिस आयुक्त को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया।

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आम आदमी पार्टी ने इसे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक बताया है।