{"vars":{"id": "130921:5012"}}

इंडिगो ऑपरेशन में लापरवाही पर DGCA की बड़ी कार्रवाई, 4 फ्लाइट ऑपरेशन इंस्पेक्टर बर्खास्त

 
New Delhi : इंडिगो एयरलाइंस के संचालन से जुड़ी दिक्कतों और हालिया अव्यवस्था के मद्देनज़र महानिदेशालय नागरिक उड्डयन (DGCA) ने प्रारंभिक जांच में कड़ी कार्रवाई करते हुए अपने 4 फ्लाइट ऑपरेशन इंस्पेक्टरों को नौकरी से हटा दिया है। ये अधिकारी इंडिगो की उड़ानों की सुरक्षा और संचालन की निगरानी में लगे थे।
DGCA की प्रारंभिक जांच में पाया गया कि इंडिगो के ऑपरेशन और सुरक्षा नियमों की निगरानी में गंभीर लापरवाही हुई, जिसकी वजह से फ्लाइट संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बर्खास्त किए गए सभी इंस्पेक्टर कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत थे और उन पर एयरलाइन की सुरक्षा और ऑपरेशनल ओवरसाइट की जिम्मेदारी थी।
एयरपोर्ट अव्यवस्था पर हाईकोर्ट की सख्ती
दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में एयरपोर्ट पर उत्पन्न अव्यवस्था और फ्लाइट संचालन में बाधा को लेकर केंद्र सरकार और DGCA दोनों से कड़े सवाल पूछे। अदालत ने पूछा कि—
– यात्रियों को अचानक इस स्थिति का सामना क्यों करना पड़ा?
– परेशानी कम करने के लिए क्या कदम उठाए गए?
– एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों को संभालने की क्या व्यवस्थाएं थीं?
हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि यह मुद्दा सिर्फ यात्रियों की परेशानी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आर्थिक नुकसान और प्रशासनिक नाकामी भी शामिल है। कोर्ट ने पूछा कि प्रभावित यात्रियों को मुआवजा दिलाने के लिए क्या कदम उठाए गए और एयरलाइन स्टाफ की जिम्मेदारी कैसे तय की जा रही है। DGCA की यह कार्रवाई संकेत देती है कि फ्लाइट सुरक्षा और संचालन में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।