धनंजय सिंह ने की कफ सिरप केस में CBI जांच की मांग, PM-CM को लिखा पत्र
जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कफ सिरप तस्करी मामले पर सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने PM व CM को पत्र भेजकर कहा कि विपक्ष गलत और भ्रामक आरोप लगाकर उनकी और सरकार की छवि धूमिल कर रहा है। धनंजय का दावा है कि जांच से सच सामने आ जाएगा।
कफ सिरप केस मामला: जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कफ सिरप तस्करी मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शुक्रवार को अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करते हुए इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की। धनंजय सिंह का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है, ताकि मामले की निष्पक्ष, व्यापक और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा सके।
धनंजय सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कफ सिरप मामले में उनके राजनीतिक विरोधियों द्वारा पत्रकारों को गुमराह कर उनके खिलाफ भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चूंकि मामला काशी/वाराणसी से जुड़ा है, इसलिए विपक्षी दल मुख्य रूप से इसे तूल दे रहे हैं और प्रधानमंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
पूर्व सांसद ने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले की गहन जांच पहले से ही विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से करा रही है और जल्द ही सत्य सामने आ जाएगा। लेकिन मामला अंतर्राज्यीय स्तर से जुड़ा होने के कारण उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से इसे सीबीआई को सौंपे जाने का अनुरोध किया है, ताकि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सके और झूठे आरोपों पर विराम लगे।
धनंजय सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने PM और CM को पत्र लिखकर उन लोगों की पहचान उजागर करने की मांग की है जो भ्रामक खबरें चला कर सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।