{"vars":{"id": "130921:5012"}}

धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान: “चार बच्चे पैदा करो, एक बच्चा...

 

 

नागपुर। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री नागपुर में विश्व के पहले ‘भारतदुर्गा मंदिर’ के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनसंख्या और समाज से जुड़े मुद्दों पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि लोगों को चार बच्चे पैदा करने चाहिए, जिनमें से एक को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को समर्पित करना चाहिए, ताकि वह समाज और राष्ट्र की सेवा में योगदान दे सके।

शास्त्री ने कहा कि जब भी कोई आपदा आती है, आम लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हैं, लेकिन संघ के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर लोगों की जान बचाने का काम करते हैं। उन्होंने ‘भारतदुर्गा मंदिर’ को ‘शास्त्र और शस्त्र’ के संगम का प्रतीक बताया और कहा कि भारत की संस्कृति में आध्यात्म और शक्ति दोनों का महत्व है।

उन्होंने कहा कि भारत में नारी को सर्वोच्च सम्मान दिया जाता है और यहां मातृशक्ति को ‘पूज्या’ माना जाता है। उन्होंने अन्य देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि “क्या कभी किसी ने ‘पाकिस्तान माता’ या ‘चीन माता’ की जय सुनी है”, जबकि भारत में ‘भारत माता’ का सम्मान किया जाता है।

इस मौके पर उन्होंने ‘अखंड भारत’ की कामना भी व्यक्त की और कहा कि भूमि पूजन के समय उनकी आंखें नम हो गई थीं, क्योंकि भारत एक नए इतिहास की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित कई संत और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इससे पहले कथावाचक प्रदीप मिश्रा भी इसी तरह का बयान दे चुके हैं। उन्होंने सनातन धर्म के लोगों से चार बच्चे पैदा करने की अपील की थी। वहीं, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए तीन बच्चों की आवश्यकता बताई थी।

गौरतलब है कि धीरेंद्र शास्त्री पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं, और उनके इस बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज होने की संभावना है।