चुनाव आयोग BJP का आयोग बन गया? अखिलेश यादव का बड़ा हमला, फॉर्म-7 पर फर्जी साइन का आरोप
Lucknow : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जमीन पर उतरकर चुनाव आयोग के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी कर रही है। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं रहा, बल्कि 'बीजेपी का आयोग' बन चुका है और लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रहा है।
फॉर्म-7 में फर्जी साइन का आरोप
अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए एसआईआर (SIR) की भूमिका को संदिग्ध बताया। उन्होंने नंदलाल नाम के व्यक्ति का उदाहरण देते हुए दावा किया कि उसके फॉर्म-7 में फर्जी तरीके से अंगूठा और साइन कराए गए। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी ने खुद नंदलाल का साइन फॉर्म पर किया है। फॉर्म-7 की पूरी प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगनी चाहिए, क्योंकि इसके जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी हस्ताक्षर कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि नंदलाल ने लोकतंत्र बचाने का काम किया है, इसलिए समाजवादी पार्टी की ओर से उसे एक लाख रुपये की मदद दी गई। अखिलेश ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 में केवल फर्जी साइन कराए जा रहे हैं और आम जनता को भ्रमित किया जा रहा है।
यूपी में जेल से कैदियों को भगाया जा रहा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने जनता को निराश किया हो, उससे आखिरी बजट से भी किसी को कोई उम्मीद नहीं है। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि यूपी में जेल से कैदी भगाए जा रहे हैं, कुछ को नेपाल भेजने और वहां से विदेश भेजने की बातें भी सामने आ रही हैं।
महंगाई और अन्य मुद्दों पर सपा प्रमुख का हमला
अखिलेश ने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सोना इतना महंगा हो गया है कि आम आदमी खरीद ही नहीं पा रहा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उनके एक विधायक की पत्नी का वोट भी काट दिया गया। अखिलेश यादव ने दोहराया कि लोकतंत्र बचाने के लिए फॉर्म-7 की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगनी चाहिए और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।