{"vars":{"id": "130921:5012"}}

विजय की यूके यात्रा पर डीएमके का हमला, बोली- ‘निवेश लाने नहीं, दोस्त अजीत की कार रेस देखने गए थे’

 

Chennai : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय की यूके यात्रा को लेकर सत्तारूढ़ डीएमके ने सवाल उठाए हैं। डीएमके ने विजय के आधिकारिक दौरे के दौरान अभिनेता और रेसर अजीत कुमार की ले मैन्स कप रेस में मौजूदगी पर निशाना साधते हुए यात्रा के उद्देश्य पर सवाल खड़े किए हैं।

विजय आधिकारिक दौरे पर यूके गए थे। इस दौरे का उद्देश्य विदेशी निवेश आकर्षित करना और चेन्नई के पास प्रस्तावित मोटर स्पोर्ट्स सिटी के लिए स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का अध्ययन करना बताया गया था। इसी दौरान शनिवार को उन्होंने मिशेलिन ले मैन्स कप रेस के उद्घाटन के लिए औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाई। इस रेस में अभिनेता अजीत कुमार अपनी टीम के साथ हिस्सा ले रहे थे।

‘निवेश लाने नहीं, अजीत की रेस देखने गए थे’

डीएमके प्रवक्ता टीकेए एलंगोवन ने मुख्यमंत्री विजय के निवेश संबंधी एजेंडे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने लंदन से निवेश लाने की बात कही थी, लेकिन सभी ने देखा कि वह अपने दोस्त अजीत की कार रेस देखने पहुंचे थे।

डीएमके विधायक मार्कडेयन ने भी विजय की यूके यात्रा की आलोचना की। उन्होंने तमिलनाडु में किसानों और मछुआरों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि राज्य में निवेश की जरूरत के समय मुख्यमंत्री की प्राथमिकताएं क्या होनी चाहिए।

टीवीके ने किया मुख्यमंत्री का बचाव

वहीं, टीवीके ने मुख्यमंत्री विजय का बचाव किया है। पार्टी प्रवक्ता वी. नारायण ने कहा कि आधिकारिक दौरे के दौरान किसी दोस्त से मिलना गलत नहीं है।

उन्होंने कहा कि अजीत कुमार तमिलनाडु के बड़े स्टार होने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय रेसिंग सर्किट में भी महत्वपूर्ण पहचान रखते हैं। टीवीके प्रवक्ता के मुताबिक, विजय की मौजूदगी से ‘ब्रांड तमिलनाडु’ को बढ़ावा मिल सकता है और राज्य की खेल एवं मोटर स्पोर्ट्स क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकती है।

मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

विवाद उस समय शुरू हुआ, जब रेस से पहले मुख्यमंत्री विजय को अजीत कुमार से मिलते देखा गया। वायरल वीडियो में विजय दौड़कर अजीत के पास जाते हैं और उन्हें गले लगाते हैं। वहीं, अजीत कुमार ने भी कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

दोनों की इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद डीएमके ने विजय की यूके यात्रा और उसके घोषित उद्देश्यों को लेकर सवाल उठाए।