{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कुत्ते की बहादुरी : 30 बच्चों की जान बचाकर खुद कुर्बान हो गया ‘काली’, जहरीले सांप से लड़ते हुए हुई मौत

 

कुत्तों की वफादारी और बहादुरी की मिसालें अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन काली नाम के एक आवारा कुत्ते ने जो किया, उसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। ओडिशा के मयूरभंज जिला से सामने आई इस घटना में काली ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 30 बच्चों की जिंदगी बचा ली।

स्कूल के बच्चों की तरफ बढ़ रहा था जहरीला सांप

बताया जा रहा है कि यह घटना उदला ब्लॉक के धिरकुल गांव स्थित श्री जगन्नाथ शिशु विद्या मंदिर के बाहर की है। वहां किंडरगार्टन के 30 से ज्यादा बच्चे बैठे हुए थे। इसी दौरान एक जहरीला सांप बच्चों की ओर बढ़ने लगा।

मासूम बच्चे खतरे से पूरी तरह अनजान थे, तभी काली की नजर सांप पर पड़ी। बिना देर किए वह सांप के सामने डट गया।

काफी देर तक चली सांप और कुत्ते की लड़ाई

प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल दावों के मुताबिक, काली और सांप के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा। आखिरकार काली ने सांप को मार गिराया, लेकिन इस दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया। जहरीले जहर के असर से कुछ देर बाद काली की मौत हो गई।

गांव वालों ने किया अंतिम संस्कार

काली की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल फैल गया। ग्रामीणों ने उसकी बहादुरी को सलाम करते हुए विधिवत अंतिम संस्कार किया।

सोशल मीडिया पर भी लोग काली को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई यूजर्स ने उसे “सच्चा हीरो” बताया, जबकि कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि काली को समय रहते बचाने की कोशिश क्यों नहीं की गई।

इंसानियत को भावुक कर गई वफादारी

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जानवर भी इंसानों के लिए अपनी जान तक न्योछावर कर देते हैं। काली की बहादुरी और वफादारी की यह कहानी लोगों को भावुक कर रही है।