Drone Attack: पाकिस्तान का जम्मू पर ड्रोन हमला, भारतीय सेना की जवाबी फायरिंग; किया गया ब्लैकआउट
May 8, 2025, 21:35 IST
जम्मू I पाकिस्तान ने जम्मू को निशाना बनाते गुरुवार रात करीब 8:30 बजे ड्रोन हमले (Drone Attack) की कोशिश की। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने तत्काल जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिसमें वायु रक्षा तोपों से फायरिंग की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, रुक-रुककर धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
हमले के बाद जम्मू एयरपोर्ट, आरएसपुरा और सांबा इलाकों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया। कई स्थानों पर सायरन बजाए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। भारतीय सेना और वायुसेना हाई अलर्ट पर हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया गया है और जवाबी कार्रवाई में भारतीय बलों ने दुश्मन के इरादों को विफल कर दिया।
यह हमला हाल के दिनों में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का हिस्सा माना जा रहा है, खासकर पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के जवाब में। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सेना किसी भी उकसावे का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।