दुबई जाने वालों के लिए जरूरी खबर: एयर इंडिया की कई फ्लाइट कैंसिल, शारजाह और रास अल खैमाह की उड़ानें रद्द
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण एयर इंडिया और अन्य एयरलाइंस ने दुबई, शारजाह और रास अल खैमाह के लिए कई उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है। रद्द टिकट पर रीशेड्यूल या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।
Dubai Flights Cancelled: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। क्षेत्र में बिगड़ते हालात और हवाई क्षेत्र में लगाई गई पाबंदियों के कारण कई देशों के लिए उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है। इसी के चलते एयर इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए अपनी कई उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द करने का फैसला लिया है।
एयर इंडिया की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दुबई, रास अल खैमाह और शारजाह के लिए जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यूएई के एयरपोर्ट अधिकारियों के नए निर्देशों के बाद उड़ानों की संख्या अस्थायी रूप से कम करनी पड़ी है।
दिल्ली-दुबई रूट पर सीमित उड़ान
एयर इंडिया के अनुसार, 15 मार्च 2026 को दिल्ली से दुबई के बीच निर्धारित पांच उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है। इस दिन इस मार्ग पर केवल एक रिटर्न फ्लाइट ही संचालित की जाएगी।
वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दिल्ली-दुबई रूट पर अपनी अधिकांश उड़ानों को रद्द कर दिया है और केवल एक वापसी उड़ान संचालित की जाएगी। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबू धाबी के लिए निर्धारित सभी पांच उड़ानें भी उस दिन रद्द रहेंगी।
यात्रियों को रीशेड्यूल और रिफंड का विकल्प
एयरलाइन ने बताया कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी टिकट दूसरी तारीख के लिए रीशेड्यूल कराने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।
इंडिगो ने भी दी सलाह
इंडिगो ने भी यात्रियों को सूचित किया है कि दुबई के लिए उड़ानों का संचालन सीमित कर दिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें, क्योंकि बदलते हालात के कारण शेड्यूल में लगातार बदलाव हो सकता है।
एविएशन सेक्टर पर भी असर
पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर विमानन क्षेत्र पर भी पड़ रहा है। मौजूदा हालात के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी वजह से इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी कई एयरलाइंस ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर फ्यूल सरचार्ज भी लागू कर दिया है, ताकि बढ़ती परिचालन लागत की भरपाई की जा सके।