{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Earthquake : सुब​​​​​​​ह-सुबह कांपी धरती, जम्मू कश्मीर के डोडा में महसूस हुए भूकंप के तेज झटके

 
डोडा: जम्मू-कश्मीर के Doda जिले में रविवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। National Center for Seismology के अनुसार, यह भूकंप सुबह 4 बजकर 32 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.6 मापी गई।

राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। पुलिस और राहत टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क जरूर रहें।

पहले भी आ चुके हैं झटके

डोडा क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस होना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी यहां 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। हालांकि उस समय भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।

महाराष्ट्र में भी कांपी धरती

इसी बीच महाराष्ट्र के Hingoli जिले के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 4.7 दर्ज की गई। इसके प्रभाव नांदेड़ और परभणी जिलों के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए।

हिंगोली के जिलाधिकारी Rahul Gupta के अनुसार, पांगरा शिंदे गांव में कुछ घरों और सामुदायिक भवनों की दीवारों में दरारें आई हैं। हालांकि यहां भी किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, महाराष्ट्र में आया यह भूकंप सुबह 8:45 बजे दर्ज किया गया, जिसका केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के शिरली गांव के पास जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था।