शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, कहा- मैंने जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ा...
नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। अपने संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें देश की सेवा का अवसर मिला, जिसके लिए वे सदैव कृतज्ञ रहेंगे।
धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि वे पिछले चार दशकों से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधारों के लिए समर्पित रहे हैं। उनका हमेशा से यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का सम्मान करना उनका नैतिक दायित्व रहा है।
अपने इस्तीफे में उन्होंने वर्ष 2026 की NEET-UG परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा में गड़बड़ियों की जानकारी मिलते ही केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। इसके बाद परीक्षा रद्द की गई और दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही अगले वर्ष से NEET-UG को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में कराने का फैसला भी लिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराना थी। इसके लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, छात्रों और अभिभावकों के सहयोग से 21 जून 2026 को पुनः परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि उन्होंने पहले दिन से ही इस पूरे मामले की जिम्मेदारी स्वीकार की और कभी इससे मुंह नहीं मोड़ा। उनका संकल्प था कि परीक्षा माफिया की वजह से किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो और किसी भी छात्र के साथ अन्याय न होने पाए।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 16 जुलाई को घोषित NEET-UG 2026 के परिणाम संतोषजनक रहे, जिसमें गरीब और साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले कई प्रतिभाशाली छात्रों ने सफलता हासिल की। हालांकि उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान कुछ जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों ने छात्रों को गुमराह करने और प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की, जिससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा।
ख़बर अपडेट कि जा रही है ...