{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सीजफायर का असर: अब नहीं होगी गैस की टेंशन! रोजाना 1 लाख सिलेंडर की सप्लाई जारी

 

New Delhi : मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच ईरान में सीजफायर के बाद ऊर्जा आपूर्ति को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ किया है कि देश में एलपीजी, पीएनजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य बनी हुई है और किसी भी तरह की कमी नहीं है।

LPG की सप्लाई सामान्य, रोजाना 1 लाख सिलेंडर की बिक्री

मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में रोजाना करीब 1 लाख एलपीजी सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। एलपीजी वितरकों और पेट्रोल पंपों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सुचारू है।

उन्होंने कहा कि घरेलू LPG की 98% बुकिंग अब ऑनलाइन हो रही है, जिससे वितरण प्रक्रिया और भी आसान हो गई है।

कमर्शियल LPG सप्लाई में सुधार

सरकार के अनुसार, कमर्शियल LPG की सप्लाई भी करीब 70% तक बहाल हो चुकी है। 14 मार्च से अब तक लगभग 1.06 लाख टन एलपीजी की बिक्री हो चुकी है, जबकि रोजाना 6,000 से 6,500 टन तक की खपत दर्ज की जा रही है।

मंत्रालय ने बताया कि छोटे यानी 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को बढ़ाया गया है। बिना आईडी के इन सिलेंडरों की उपलब्धता दोगुनी की गई है। 23 मार्च से अब तक करीब 11 लाख छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं।

सरकार अब लोगों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की ओर शिफ्ट करने पर भी जोर दे रही है। इसके लिए देशभर में 2400 से ज्यादा जागरूकता अभियान चलाए गए हैं।

प्राकृतिक गैस की सप्लाई में भी सुधार हुआ है—

- उद्योगों को सप्लाई लगभग 80% तक बहाल

- उर्वरक क्षेत्र को सप्लाई 95% तक पहुंची

सरकार के ताजा बयान से साफ है कि सीजफायर के बाद ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति स्थिर हो रही है। फिलहाल देश में LPG, PNG और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है।