{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पंजाब में चलती कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
 

 

पंजाब। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। पंजाब के पटियाला जिले में सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास हुई इस घटना में ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए। चलती ट्रेन में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गईI

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 1:10 बजे सरहिंद और राजपुरा के बीच सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इंजन से पांचवें कोच के आसपास आग लगने की बात सामने आई है। देखते ही देखते आग ने चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई।

रेलवे और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं

आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। ट्रेन को तत्काल रोककर यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की गई। रेलवे की राहत एवं बचाव टीमें और दमकल विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए प्रयास शुरू किए गए।

रेलवे अधिकारी बोले—किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, अंबाला रेल मंडल के सराय बंजारा स्टेशन के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि ट्रेन की सुरक्षा प्रणाली ने समय पर काम किया, जिससे ट्रेन को रोक दिया गया। आग पर काबू पाने के लिए राहत कार्य जारी है और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

रेलवे की ओर से दी गई शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी यात्री के घायल होने या जानमाल की क्षति की पुष्टि नहीं हुई है।

आग लगने के कारणों की जांच बाकी

फिलहाल ट्रेन में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से रेलवे की संपत्ति को कितना नुकसान हुआ है, इसका विस्तृत आकलन भी अभी सामने नहीं आया है। रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आग पर पूरी तरह काबू पाना है। घटना के कारणों और नुकसान की वास्तविक स्थिति के बारे में रेलवे की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।