5 रुपये में मछली-चावल और महिलाओं को 3000… बंगाल सरकार बड़ा ऐलान
पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये देने वाली ‘अन्नपूर्णा योजना’ समेत कई बड़े ऐलान किए हैं। राज्य में 5 रुपये में मछली-चावल भोजन, लक्ष्मी भंडार योजना और स्कूल-कॉलेजों के पास शराब की दुकानों पर रोक जैसे फैसलों ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
West Bengal Annapurna Yojana: पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को कई बड़े और जनहित से जुड़े ऐलान किए, जिनकी चर्चा पूरे राज्य में तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य में स्कूल, कॉलेज और मंदिरों के एक किलोमीटर के दायरे में अब शराब की दुकानों को अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए नई ‘अन्नपूर्णा योजना’ शुरू करने का भी ऐलान किया गया।
महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹3000
मुख्यमंत्री ने बताया कि 27 मई से ‘अन्नपूर्णा योजना’ के लिए आवेदन फॉर्म जारी किए जाएंगे। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का दावा है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होते ही लाभार्थियों के खातों में पैसे ट्रांसफर होने शुरू हो जाएंगे।
ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों सुविधा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवेदन फॉर्म की प्रति अगले दिन जारी की जाएगी।
5 रुपये में मिलेगा मछली-चावल का भोजन
सरकार ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में 400 विशेष कैंटीन शुरू किए जाएंगे। इन कैंटीनों में लोगों को सिर्फ 5 रुपये में मछली-चावल का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
लक्ष्मी भंडार योजना को लेकर भी तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्मी भंडार योजना को लेकर भी जल्द विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं शुरू कर रही है।
स्कूल-कॉलेज और मंदिरों के पास शराब की दुकानें नहीं
सरकार ने सामाजिक मुद्दों को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि अब स्कूल, कॉलेज और मंदिरों के एक किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानों की अनुमति नहीं होगी। इस फैसले को लेकर राज्य में राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
सरकार के इन ऐलानों को आगामी राजनीतिक रणनीति और जनसमर्थन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। महिलाओं, गरीब वर्ग और ग्रामीण मतदाताओं को ध्यान में रखकर ये योजनाएं तैयार की गई हैं।