मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश होकर गिरे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, AIIMS में भर्ती
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद उनके सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच कर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक हुए बेहोश
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जगदीप धनखड़ सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और घर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत की जांच के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और AIIMS के डॉक्टर संदीप सेठ ने भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया।
AIIMS में चल रहा इलाज, आधिकारिक जानकारी का इंतजार
तबीयत बिगड़ने के बाद धनखड़ को दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया है। हालांकि, फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। AIIMS प्रशासन की ओर से भी कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
अब सभी की नजरें उनके स्वास्थ्य को लेकर आने वाले आधिकारिक अपडेट पर टिकी हैं।