{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ब्रिक्स सम्मेलन में विदेशी मेहमानों की थाली में दिखेगा पूरा भारत, लखनवी कबाब से हैदराबादी बिरयानी तक खास मेन्यू तैयार
 

 

नई दिल्ली। ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों को भारत की सांस्कृतिक और पाक विविधता का स्वाद भी चखने को मिलेगा। दिल्ली के पांच सितारा होटलों से लेकर भारत मंडपम तक मेन्यू में देश के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों को शामिल करने की तैयारी की गई है। मेहमानों की पसंद और डाइट को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्वाद के साथ कस्टमाइज्ड भोजन के विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे।

एक थाली में दिखेगा पूरा भारत

सम्मेलन के मेन्यू में रागी डोसा, बाजरा उपमा और मिलेट पोंगल जैसे श्री अन्न से बने पारंपरिक व्यंजन शामिल होंगे। इसके अलावा मौसमी फल, नारियल पानी और ताजा छाछ भी परोसी जाएगी।

दोपहर के भोजन में गुजराती और राजस्थानी थाली के साथ दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। कश्मीरी पुलाव, दक्कनी तड़का, हैदराबादी वेज और नॉन-वेज बिरयानी तथा दक्षिण भारतीय स्ट्यू को भी मेन्यू में जगह दी गई है।

विदेशी मेहमानों की पसंद का भी रखा जाएगा ध्यान

तैयारियों से जुड़े होटल अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग देशों के खानपान और डाइट को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्वाद और विदेशी पसंद का फ्यूजन तैयार किया जा रहा है। लाइव कुकिंग काउंटर पर बिना तेल-मसाले के कस्टमाइज्ड कॉन्टिनेंटल नाश्ते का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

भारत मंडपम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से आयोजित रात्रिभोज में भी देश की पाक विविधता देखने को मिलेगी। इसके लिए विभिन्न राज्यों के खानसामे मिलकर विशेष व्यंजन तैयार करेंगे।

VVIP मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम

लुटियंस दिल्ली के प्रमुख होटलों में ब्रिक्स सम्मेलन के मेहमानों की मेजबानी की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ताज महल होटल, ताज पैलेस, आइटीसी मौर्या, द लीला पैलेस, द ओबेराय, शांग्री-ला और द ललित में VVIP ब्लॉक बुक किए गए हैं।

द ललित में रूस, चीन, संयुक्त अरब अमीरात और दक्षिण अफ्रीका समेत अन्य देशों के सरकारी और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं आइटीसी मौर्या, ताज महल होटल और द लीला पैलेस में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, यूएई और सऊदी अरब के शीर्ष नेताओं तथा उच्चस्तरीय राजनयिकों की मेजबानी की तैयारी है।

कबाब, तंदूरी और बिरयानी भी मेन्यू में

विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के लिए लखनवी कबाब, तंदूरी व्यंजन और धीमी आंच पर पकाई गई भारतीय ग्रेवी वाले पकवान तैयार किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडलों की धार्मिक और निजी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। दोनों के लिए समर्पित किचन की व्यवस्था भी की गई है।

खाद्य सुरक्षा पर भी कड़ी निगरानी

विशेष मेन्यू के साथ खाद्य सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से होटलों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे सामान, मसालों और बेकरी उत्पादों की नियमित लैब टेस्टिंग की जा रही है।

पांच सितारा होटलों के किचन में निगरानी बढ़ाई गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और सूक्ष्मजीव विज्ञानियों की तैनाती की जा रही है, जो भोजन मेहमानों तक पहुंचने से पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करेंगे।

ब्रिक्स सम्मेलन में कूटनीति के साथ भारत की पाक विरासत भी नजर आएगी। मिलेट्स के देसी स्वाद से लेकर क्षेत्रीय थालियों, लखनवी कबाब और हैदराबादी बिरयानी तक, मेहमानों को भारत के विविध जायकों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।