दिल्ली के कश्मीरी गेट में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील की कार पर फायरिंग, एक घायल
राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम से जुड़े एक वकील की कार पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना में कुल चार राउंड गोली चलने की जानकारी मिली है। फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार (24 फरवरी) रात करीब साढ़े 10 बजे कश्मीरी गेट इलाके में फायरिंग की सूचना मिली। जिस कार पर हमला हुआ, उसमें पांच लोग सवार थे। सामने आई तस्वीरों में कार के पीछे का शीशा टूटा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कार में सवार लोगों में से एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जिसे कमर में गोली लगी है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वकील दीपक खत्री, जो खुद को लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम का हिस्सा बताते हैं, ने बताया कि यह घटना कश्मीरी गेट स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। उन्होंने कहा, “हम पांच लोग गाड़ी में सवार थे। भगवान की दया से हम बच गए। बीच में बैठे संदीप को गोली लग गई।”
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।