मिडिल ईस्ट जंग के बीच भारत में गैस सप्लाई 100% सामान्य, सरकार ने दी जानकारी
New Delhi : मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के चलते ऊर्जा संकट को लेकर केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत में एलपीजी और पीएनजी की आपूर्ति सामान्य है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी गई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि पिछले दो हफ्तों में 1.25 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि पिछले 3 दिनों में 5600 एलपीजी ग्राहक पीएनजी में शिफ्ट हुए।
सुजाता शर्मा ने कहा कि मिडिल ईस्ट जंग के कारण स्थिति चिंताजनक है, लेकिन किसी भी डिस्ट्रीब्यूशन में एलपीजी की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। कल ऑनलाइन बुकिंग 56 लाख की हुई और सप्लाई 55 लाख की हुई। एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से चल रही है।
सरकार ने कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत लगभग 31 राज्यों में कंट्रोल रूम और 25 राज्यों में जिला स्तरीय निगरानी समितियां गठित की गई हैं।
इसके अलावा, सुजाता शर्मा ने कहा कि लगभग 15 राज्यों ने अतिरिक्त केरोसिन आवंटन के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रिफाइनरी प्लांट का संचालन और कच्चे तेल की स्थिति सामान्य है और खुदरा पंपों पर तेल की कमी की कोई सूचना नहीं मिली। सभी रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं, वहीं घरेलू कच्चे तेल और परिवहन के लिए सीएनजी की आपूर्ति 100% सुनिश्चित है।
सरकार ने जनता से अपील की है कि केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों में आकर अनावश्यक घबराहट न फैलाएँ।