जनरल टिकट बुकिंग में बदलाव: 1 मार्च से UTS ऐप बंद, अब RailOne ऐप पर बुक करें टिकट
नई दिल्ली I भारतीय रेलवे ने अनारक्षित (जनरल) टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले UTS (Unreserved Ticketing System) मोबाइल ऐप को 1 मार्च 2026 से पूरी तरह बंद करने का ऐलान किया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते नई सुपर ऐप RailOne पर स्विच कर लें, ताकि टिकट बुकिंग और अन्य सेवाओं में कोई रुकावट न आए।
UTS ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और सीजन टिकट ऑनलाइन बुक कर पाते थे। अब ये सभी सुविधाएं RailOne ऐप में उपलब्ध होंगी, जो पिछले साल लॉन्च की गई थी। यह ऐप रेल यात्रियों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसमें कई पुरानी सेवाओं को एकीकृत किया गया है।
R-Wallet बैलेंस का क्या होगा?
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि UTS ऐप में मौजूद R-Wallet की शेष राशि को RailOne ऐप में इस्तेमाल किया जा सकता है। यात्री अपने मौजूदा IRCTC या UTS लॉगिन और पासवर्ड से RailOne में लॉगिन कर सकेंगे और बैलेंस का उपयोग जारी रख सकेंगे।
जनरल टिकट पर 3% डिस्काउंट का ऑफर
RailOne ऐप पर जनरल टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेलवे ने 3% का डिस्काउंट दिया है। यह छूट डिजिटल पेमेंट मोड्स (जैसे UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग) से भुगतान करने पर मिलेगी। ऑफर 14 जनवरी 2026 से शुरू होकर 14 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगा।
RailOne ऐप की प्रमुख खूबियां
- जनरल टिकट, रिजर्व टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग।
- आसान और सुरक्षित बुकिंग प्रक्रिया, विभिन्न पेमेंट ऑप्शन (UPI, कार्ड, R-Wallet, नेट बैंकिंग)।
- लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन टाइमिंग, लेटनेस की जानकारी, कोच पोजिशन और प्लेटफॉर्म नंबर।
- PNR स्टेटस चेक और टिकट कैंसिलेशन की सुविधा।
- IRCTC अप्रूव्ड वेंडर से डायरेक्ट फूड ऑर्डर (Food on Track)।
- Rail Madad इंटीग्रेशन से शिकायत, फीडबैक और सर्विस रिक्वेस्ट मैनेजमेंट।
- NTES, IRCTC Rail Connect जैसी अन्य सेवाएं भी एक ही ऐप में।
रेलवे का कहना है कि RailOne ऐप यूजर-फ्रेंडली है और डिजिटल इंडिया के तहत यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगी। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे जल्द से जल्द RailOne ऐप डाउनलोड कर लें और UTS से ट्रांजिशन पूरा कर लें। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक रेलवे वेबसाइट या ऐप देखें।