{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का आगाज, PM मोदी बोले- दुनिया का भारत पर भरोसा लगातार बढ़ा
 

 

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI की बढ़ती वैश्विक पहुंच और फिनटेक सेक्टर की भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से बात की। पीएम मोदी ने कहा कि UPI अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका विस्तार 11 देशों तक हो चुका है।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में लगातार तीसरी बार शामिल होने की उनकी हैट्रिक पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि एक हैट्रिक 2024 में तीसरी बार सरकार बनने के साथ बनी थी और दूसरी हैट्रिक फिनटेक फेस्ट में लगातार तीसरी बार आने से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि यह बताता है कि विकसित भारत के निर्माण में फिनटेक सेक्टर और उससे जुड़े युवाओं की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हर बार जब वह फिनटेक फेस्ट में आते हैं, उन्हें पहले से ज्यादा युवा, ऊर्जा और संभावनाएं दिखाई देती हैं। उन्होंने कहा कि जोखिम लेने की क्षमता बढ़ रही है और युवाओं के सपने पहले से ज्यादा बड़े और साहसिक हो रहे हैं। इससे विकसित भारत के भविष्य को लेकर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

अब दूसरे देशों के पेमेंट सिस्टम से जुड़ना लक्ष्य

पीएम मोदी ने कहा कि UPI के विस्तार के बाद अब अगला लक्ष्य भारत के पेमेंट सिस्टम को दूसरे देशों के पेमेंट सिस्टम से जोड़ना होना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत सिंगापुर के साथ पेमेंट सिस्टम को जोड़ने में सफल रहा है। इससे दोनों देशों के बीच भुगतान काफी आसान हो गया है।

उन्होंने कहा कि जिन देशों में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं, जहां भारत का बड़े पैमाने पर व्यापार होता है और जो देश भारत के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं, उनके साथ पेमेंट सिस्टम को जोड़ने पर काम किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशों में बड़ी संख्या में भारतीय काम करते हैं और भारत में पैसा भेजते हैं। इन लेनदेन में ट्रांजैक्शन कॉस्ट का एक बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता है। UPI के विस्तार से भारतीयों को इसका लाभ मिल सकता है और पैसा कम लागत में तेजी से उनके परिवारों तक पहुंचाया जा सकता है।

पेमेंट से आगे फिनटेक का नया अध्याय

पीएम मोदी ने कहा कि फिनटेक का अगला अध्याय सिर्फ पेमेंट तक सीमित नहीं रहेगा। टेक्नोलॉजी की मदद से अलग-अलग वर्गों की आर्थिक गतिविधियों और जरूरतों को समझकर उनके लिए क्यूरेटेड वित्तीय मॉडल तैयार किए जा सकते हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोई डिलीवरी पार्टनर या छोटा-मोटा काम करने वाला व्यक्ति हर महीने कमाता है, लेकिन उसे सेविंग्स, पेंशन और दूसरी वित्तीय सेवाओं तक आसान पहुंच की जरूरत होती है। फिनटेक ऐसे लोगों की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि भविष्य में वित्तीय उत्पादों और सेवाओं तक पहुंच भी उतनी ही सरल, सहज और सुलभ होनी चाहिए, जितना आज QR कोड के जरिए भुगतान करना आसान है।