गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को बैंकॉक में हिरासत, भारत लाए जाने की तैयारी
Dec 12, 2025, 13:42 IST
Panaji : गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में लगी भीषण आग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए क्लब मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को बैंकॉक इमिग्रेशन डिविजन सेंटर में हिरासत में रखा गया है। दोनों भाइयों को इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भारतीय दूतावास द्वारा सर्टिफिकेट जारी होते ही दोनों को भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा। अधिकारियों का प्रयास है कि यह प्रक्रिया आज ही पूरी कर ली जाए।
इस अग्निकांड में 25 लोगों की मौत होने के बाद गोवा पुलिस और अन्य एजेंसियों ने नाइटक्लब मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की थी। सौरभ और गौरव लूथरा इसी क्लब के सह–मालिक हैं।
जमानत याचिका खारिज
इस मामले में दोनों भाइयों की अग्रिम जमानत याचिका को दिल्ली की अदालत ने बुधवार को खारिज कर दिया। लूथरा बंधुओं ने दावा किया था कि वे थाईलैंड में व्यावसायिक बैठक के सिलसिले में गए हैं और चार सप्ताह की अंतरिम राहत मांगी थी। हालांकि अदालत ने अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया और अगली सुनवाई गुरुवार को तय की।
गोवा पुलिस का आरोप: आग लगने के तुरंत बाद ही देश छोड़कर भागे
अदालत में दलील देते हुए गोवा पुलिस ने बताया कि फ्लाइट रिकॉर्ड से पता चलता है कि सौरभ और गौरव ने 7 दिसंबर की रात 1:17 बजे टिकट बुक किए थे, जबकि उसी समय दमकलकर्मी अभी भी क्लब में फंसे लोगों को बचाने में जुटे थे। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कुछ ही घंटों बाद दोनों दिल्ली से फुकेत के लिए उड़ान भरकर थाईलैंड भाग गए। दोनों के खिलाफ इंटरपोल द्वारा ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है ताकि प्रत्यर्पण तक उन्हें हिरासत में रखा जा सके।
एक अन्य मालिक अजय गुप्ता पुलिस के समक्ष पेश
बुधवार को क्लब के एक और मालिक अजय गुप्ता को दिल्ली की सनलाइट कॉलोनी क्राइम ब्रांच में पेश किया गया।
इसके अलावा नाइटक्लब से जुड़े पांच कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें शामिल हैं—
- मुख्य महाप्रबंधक: राजीव मोदक
- महाप्रबंधक: विवेक सिंह
- बार मैनेजर: राजीव सिंघानिया
- गेट मैनेजर: रियांशु ठाकुर
- कर्मचारी: भरत कोहली