{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बुलेट दिलाई, हर जिद पूरी की... उसी बेटे ने सोते हेड कॉन्स्टेबल पिता को मारी गोली; 10 लाख की मांग बनी खूनी विवाद
 

 

चंडीगढ़। सेक्टर-22 के सरकारी आवास में चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नितिन सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में उनके बेटे अरमान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद, युवती से शादी की जिद और 10 लाख रुपये की मांग को लेकर पिता-पुत्र के बीच तनाव की बात सामने आई है। नितिन चंडीगढ़ पुलिस की अकाउंट्स ब्रांच में तैनात थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई। आरोप है कि घर में सो रहे नितिन को उनके बेटे अरमान ने गोली मार दी। घटना के बाद नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल बरामद की है और हत्या के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

बेटे की हर मांग पूरी करते थे पिता

परिवार से जुड़ी जानकारी के अनुसार अरमान अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। नितिन बेटे की इच्छाओं को पूरा करने की कोशिश करते थे। रिपोर्ट के मुताबिक, अरमान ने करीब 15 साल की उम्र में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की थी, जिसे पिता ने पूरा किया था। घर में मां किसी बात पर उसे डांटती थीं तो नितिन कई बार बेटे के पक्ष में खड़े हो जाते थे।

लेकिन समय के साथ परिवार में तनाव बढ़ता गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अरमान एक युवती के साथ रह रहा था और उससे शादी करना चाहता था। इसके साथ ही वह कथित तौर पर कारोबार शुरू करने के लिए पिता से 10 लाख रुपये की मांग भी कर रहा था। इसी मुद्दे पर परिवार में विवाद चल रहा था।

फरवरी में थार से हुए हादसे में दो लोगों की हुई थी मौत

अरमान इससे पहले भी एक गंभीर मामले में फंस चुका था। फरवरी 2026 में मनीमाजरा के कलाग्राम लाइट प्वाइंट के पास थार से हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के समय वाहन अरमान चला रहा था और वह इस मामले में जमानत पर बाहर था।

बताया गया है कि उस मामले में भी नितिन बेटे के साथ खड़े रहे और उसे कानूनी मुश्किल से निकालने के लिए प्रयास करते रहे।

पहले बाहरी युवक पर हत्या का आरोप लगाने की कोशिश

पुलिस की पूछताछ के दौरान अरमान ने शुरुआत में दावा किया कि कोई बाहरी युवक घर में आया और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया। हालांकि पूछताछ आगे बढ़ी तो उसके बयानों में कथित तौर पर विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार, घटना से पहले हुए विवाद और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में सामने आ रहे आरोपों और हत्या के पीछे के सटीक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।