{"vars":{"id": "130921:5012"}}

14वीं JPSC रद्द करने पर सरकार राजी, CBI जांच और JSSC-CGL पर नहीं बनी बात, जारी रहेगा छात्र आंदोलन

 

रांची। JPSC और JSSC में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ रांची में चल रहा छात्र आंदोलन फिलहाल जारी है। रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब छह घंटे तक चली बातचीत के बावजूद आंदोलन खत्म करने पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। हालांकि, बातचीत के दौरान सरकार ने 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने की मांग पर सहमति जताई है।

छात्र प्रतिनिधियों के मुताबिक, JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग पर अभी भी सरकार और छात्रों के बीच गतिरोध बना हुआ है। अब छात्र प्रतिनिधि आपस में चर्चा करने के बाद सरकार को अपने फैसले से अवगत कराएंगे।

10 अगस्त का विधानसभा घेराव रहेगा जारी

बातचीत के बावजूद छात्रों ने साफ कर दिया है कि 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव का कार्यक्रम फिलहाल जारी रहेगा। यानी सरकार के साथ बातचीत का दौर चलने के बावजूद छात्रों ने आंदोलन वापस नहीं लिया है।

छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों को लेकर ठोस और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल आठवें दिन

आंदोलन के सूत्रधार देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल रविवार को आठवें दिन भी जारी रही। वहीं उनका सत्याग्रह 16वें दिन में पहुंच गया है।

सरकार की ओर से गठित हाईलेवल कमिटी के चार मंत्रियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से देवेंद्र नाथ महतो से बातचीत की। मंत्रियों ने मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा देते हुए उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।

हालांकि, महतो ने स्पष्ट कर दिया कि मांगें लिखित रूप में पूरी होने का आश्वासन मिलने तक भूख हड़ताल खत्म नहीं होगी। उन्होंने कहा कि लिखित आश्वासन के बिना आंदोलन और सत्याग्रह जारी रहेगा।

फिलहाल सरकार और छात्रों के बीच बातचीत का रास्ता खुला हुआ है, लेकिन 14वीं JPSC को छोड़कर बाकी प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बनने से आंदोलन समाप्त होने के आसार अभी नजर नहीं आ रहे हैं।