सरकार ने PF ब्याज दर पर लगाई मुहर, 7 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स होंगे लाभान्वित
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ईपीएफ जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के अनुसार, ब्याज की राशि इसी महीने से कर्मचारियों के खातों में जमा की जा सकती है। इस फैसले से देशभर के 7 करोड़ से अधिक ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स को लाभ मिलेगा।
ईपीएफ पर ब्याज दर तय करने की सिफारिश कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) द्वारा की जाती है। इस बोर्ड में सरकार, नियोक्ताओं और कर्मचारियों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। सीबीटी की मंजूरी के बाद प्रस्ताव वित्त मंत्रालय को भेजा जाता है। वित्त मंत्रालय की स्वीकृति मिलने के बाद श्रम एवं रोजगार मंत्रालय इसे अधिसूचित करता है, जिसके बाद ब्याज की राशि खाताधारकों के खातों में जमा कर दी जाती है।
1 लाख रुपये पर कितना मिलेगा ब्याज?
प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों के लिए पीएफ एक अनिवार्य बचत योजना है। कर्मचारी अपनी बेसिक सैलरी का 12 प्रतिशत हिस्सा पीएफ में जमा करता है, जबकि नियोक्ता भी उतना ही योगदान देता है। नियोक्ता के योगदान का 8.33 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में जाता है।
यदि किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में 1 लाख रुपये जमा हैं, तो 8.25 प्रतिशत ब्याज दर के हिसाब से उसे 8,250 रुपये ब्याज मिलेगा।
ऐसे चेक करें अपना पीएफ बैलेंस
- ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- ‘E-Passbook’ विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना UAN नंबर, पासवर्ड और कैप्चा दर्ज करें।
- लॉगिन करने के बाद Member ID चुनें और अपना पीएफ बैलेंस देखें।
मिस्ड कॉल और एसएमएस से भी जानें बैलेंस
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल दें।
- कुछ ही देर में एसएमएस के जरिए बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी।
एसएमएस के माध्यम से बैलेंस जानने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN HIN लिखकर 7738299899 पर भेजें। हिंदी के अलावा अन्य भाषाओं के लिए संबंधित भाषा कोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।
उमंग ऐप से भी देखें बैलेंस
- सबसे पहले UMANG ऐप डाउनलोड करें।
- मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें।
- ‘Service Directory’ में जाकर EPFO सर्च करें।
- ‘View Passbook’ विकल्प चुनें।
- UAN नंबर और OTP के जरिए लॉगिन कर अपना पीएफ बैलेंस देख सकते हैं।