{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गुरमीत राम रहीम को मिली 30 दिन की फरलो, 16वीं बार जेल से बाहर आए
 

 

रोहतक: साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को हरियाणा सरकार द्वारा मंजूर 30 दिनों की फरलो पर मंगलवार तड़के जेल से रिहा कर दिया गया। 

राम रहीम को रोहतक की सुनारिया जेल से सुबह करीब 6:32 बजे रिहाई दी गई। यह उनका जेल से बाहर आने का 16वां मौका है। 

हनीप्रीत खुद पहुंची जेल

राम रहीम को लेने के लिए सिरसा डेरे से दो लग्जरी गाड़ियां (लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर) मंगलवार सुबह 6:00 बजे सुनारिया जेल पहुंचीं। इन गाड़ियों के साथ उनकी करीबी हनीप्रीत इंसां भी मौजूद रहीं। उनके साथ राम रहीम के वकील और निजी ड्राइवर भी जेल परिसर पहुंचे। 

जेल प्रशासन द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद राम रहीम का काफिला भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिरसा स्थित मुख्य डेरे के लिए रवाना हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर आउटर हिसार बाईपास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और काफिले के साथ पुलिस गाड़ियां भी चल रही हैं।

जनवरी में मिली थी 40 दिन की पैरोल

बताया जा रहा है कि राम रहीम अपनी 30 दिन की फरलो अवधि सिरसा डेरे में ही बिताएंगे। इससे पहले जनवरी 2026 में उन्हें 40 दिनों की पैरोल मिली थी।

2017 से जेल में बंद हैं राम रहीम

गुरमीत राम रहीम को पंचकूला CBI विशेष अदालत ने 2017 में साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी। तब से वे रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे हैं। इस दौरान उन्हें कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है, जिसे लेकर राजनीतिक और कानूनी गलियारों में लगातार चर्चा होती रही है।