{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CJP की एंट्री पर हेमंत सोरेन का बड़ा बयान, बोले- सभी की बात सुनने को तैयार सरकार

 

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके की एंट्री पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी की बात सुनने के लिए तैयार है और सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।

रांची में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम पूरी गंभीरता से कर रही हैं और सरकार जल्द ही इस मामले में ठोस समाधान निकालने का प्रयास करेगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपनी मांगें सरकार के सामने रखें, ताकि उनका उचित समाधान किया जा सके।

हेमंत सोरेन ने कहा कि "जिनकी भी सरकार से मांग है, वे अपनी बात हमारे सामने रखें। विपक्ष भी अपनी बात रखेगा और सरकार हर मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेगी।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में उनकी केंद्रीय गृह मंत्री से कोई बातचीत नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा के मानसून सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सत्र इसलिए बुलाया गया है ताकि जनता से जुड़े मुद्दों पर सदन में सार्थक चर्चा हो और कार्यवाही सुचारु रूप से संचालित हो सके।

भूख हड़ताल तेज, छह प्रदर्शनकारी अनशन पर

इधर, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन और तेज हो गया है। राज्य विधानसभा के मानसून सत्र से पहले दो महिलाओं सहित पांच और प्रदर्शनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। इसके साथ ही अनशन पर बैठे लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले प्रदर्शनकारी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे हैं। वहीं, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सदस्य देवेंद्र नाथ महतो का धरना भी लगातार जारी है।

प्रदर्शनकारी पिछले कई दिनों से 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा रद्द करने, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में सुधार तथा भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई या राज्य से बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के स्वतंत्र पैनल से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।