11 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो से मिलने पहुंचीं हेमंत सोरेन की मंत्री, जानें क्या हुई चर्चा?
,
,
रांची: झारखंड में भर्ती प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच बुधवार को कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रांची के सदर अस्पताल पहुंचीं। यहां उन्होंने पिछले 11 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान JPSC और JSSC से जुड़े मुद्दों पर भी दोनों के बीच बातचीत हुई।
लगातार भूख हड़ताल के चलते तबीयत बिगड़ने के बाद देवेंद्र नाथ महतो को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उन्होंने अपना आंदोलन खत्म नहीं किया है और भूख हड़ताल जारी रखी है।
आंदोलन स्थल पर जाने की मांगी अनुमति
देवेंद्र नाथ महतो ने अस्पताल के सिविल सर्जन को पत्र लिखकर दोबारा आंदोलन स्थल पर जाने की अनुमति मांगी है। पत्र में उन्होंने अपनी स्थिति बताते हुए लिखा कि अस्पताल के बिस्तर पर उनका शरीर है, लेकिन उनकी आत्मा और संघर्ष का संकल्प आंदोलन स्थल पर है।
महतो का कहना है कि उनका संघर्ष भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर है। वह आंदोलन से पीछे हटने के मूड में नहीं हैं।
भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी को लेकर आंदोलन
झारखंड में भर्ती प्रक्रियाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ बेरोजगार युवाओं का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी युवाओं की प्रमुख मांग है कि पूर्व में हुई भर्ती प्रक्रियाओं की जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए।
आंदोलन से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति बनने की बात सामने आई है, लेकिन कुछ मांगों को लेकर अभी भी दोनों पक्षों के बीच गतिरोध बना हुआ है।
मंत्री की मुलाकात से क्या निकलेगा रास्ता?
सरकार की ओर से आंदोलनकारी छात्रों और युवाओं से बातचीत का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का देवेंद्र नाथ महतो से अस्पताल में मिलना अहम माना जा रहा है।
मंत्री ने महतो की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के साथ-साथ आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। ऐसे में माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद सरकार और आंदोलनकारियों के बीच बातचीत का रास्ता आगे बढ़ सकता है।
डॉक्टरों की निगरानी में महतो
फिलहाल अस्पताल प्रशासन देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए अस्पताल प्रशासन उन्हें दोबारा आंदोलन स्थल पर जाने की अनुमति देगा या नहीं, इस पर भी नजर बनी हुई है।