सांवलिया सेठ मंदिर में चढ़ावे का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, एक महीने में 41.67 करोड़ का दान
नई दिल्ली। राजस्थान स्थित कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर के मासिक भंडार ने इस बार सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सात चरणों में पूरी हुई गणना के बाद मंदिर को कुल 41 करोड़ 67 लाख 38 हजार 569 रुपये की भेंट प्राप्त हुई है, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक चढ़ावा बताया जा रहा है।
मंदिर मंडल बोर्ड के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव के अनुसार, भंडार 16 अप्रैल को खोला गया था, जिसके बाद सात चरणों में गिनती की गई। भंडार से 33 करोड़ 21 लाख 63 हजार 539 रुपये नकद निकले, जबकि भेंटकक्ष और ऑनलाइन माध्यम से 8 करोड़ 45 लाख 75 हजार रुपये प्राप्त हुए। खास बात यह रही कि इस बार ऑनलाइन दान में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नकदी के अलावा भक्तों ने सोने-चांदी के रूप में भी बड़ी मात्रा में चढ़ावा चढ़ाया। गणना में 660 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना और 84 किलो 620 ग्राम चांदी प्राप्त हुई है।
इधर, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने नए नियम लागू किए हैं। अब भक्त भगवान सांवलिया सेठ को भोग, छप्पनभोग, मोरपंख और गुलाब की डालियां नहीं चढ़ा सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला भीड़ प्रबंधन और मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।