10 हजार छात्रों के लिए बनेंगे छात्रावास, रेखा गुप्ता बोलीं- देशभर के माता-पिता बच्चों को निश्चिंत भेज सकेंगे
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने छात्रों के लिए बड़े पैमाने पर छात्रावास निर्माण की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार 10,000 छात्रों के लिए छात्रावास बनाने की योजना पर काम कर रही है। इनमें छात्र और छात्राओं, दोनों के लिए आवास की सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, ये छात्रावास दिल्ली के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के लिए उपलब्ध होंगे। योजना का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रहने की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेखा गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं। उपयुक्त स्थानों की पहचान भी हो गई है और नीति का मसौदा तैयार किया जा रहा है। छात्रावासों में छात्रों की जरूरतों और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखा जाएगा।
भोजन और आवास की चिंता से मुक्त होंगे छात्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले छात्रों को भोजन और आवास की चिंता से मुक्त रखने का प्रयास किया जाएगा। इससे वे अपनी पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
रेखा गुप्ता ने यह भी आश्वासन दिया कि छात्रावासों में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सुविधाएं ऐसी होंगी कि देशभर के माता-पिता अपने बच्चों को निश्चिंत होकर दिल्ली भेज सकेंगे।