{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आखिर कैसे हुआ मुंबई-बारामती फ्लाइट हादसा? जांच की मांग तेज

 

Mumbai : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद देशभर में शोक की लहर है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस दुर्घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। बुधवार सुबह मुंबई से बारामती जा रहा एक छोटा विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।

ममता बनर्जी ने जताया दुख, जांच पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इसके कारणों की गहन और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और जिम्मेदारी किसकी बनती है।

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि अजित पवार के अचानक निधन से वह स्तब्ध और बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य लोगों की मौत देश के लिए बड़ी क्षति है।

हादसे में पांच लोगों की मौत

हादसे में अजित पवार के अलावा विमान के दोनों पायलट और सुरक्षा कर्मी भी मारे गए। विमान मुंबई से बारामती जा रहा था और लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया।

हादसे के बाद देशभर से नेताओं के शोक संदेश सामने आ रहे हैं। दिल्ली से कई वरिष्ठ नेता एनसीपी संस्थापक शरद पवार के आवास की ओर रवाना हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली।

DGCA ने की पुष्टि

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, विमान सुबह करीब 8 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और बारामती में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर आग और धुएं के गुबार देखे गए। DGCA ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी है।