{"vars":{"id": "130921:5012"}}

“खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं”: राज्यसभा में बोलने से रोके जाने पर राघव चड्ढा का बड़ा बयान
 

 

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा से डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को सांसद Raghav Chadha ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो संदेश जारी कर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “मुझे खामोश जरूर करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं।”

वीडियो संदेश में राघव चड्ढा ने कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का अवसर मिला, उन्होंने हमेशा आम जनता के मुद्दों को उठाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या जनता की समस्याओं पर बात करना कोई अपराध है।

उन्होंने कहा, “क्या मैंने कोई गलती की है? आज मैं यह सवाल इसलिए पूछ रहा हूं क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित किया है कि मुझे संसद में बोलने का मौका न दिया जाए। आखिर कोई मुझे क्यों रोकना चाहेगा?”

राघव चड्ढा ने अपने भाषण में उन मुद्दों का भी जिक्र किया, जिन्हें उन्होंने संसद में उठाया था। इनमें एयरपोर्ट पर महंगा खाना, डिलीवरी राइडर्स की समस्याएं, टोल प्लाजा पर वसूली, बैंक चार्जेस, कंटेंट क्रिएटर्स पर टैक्स का बोझ और टेलीकॉम कंपनियों की नीतियां शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को उठाने से पार्टी को फायदा ही हुआ, फिर भी उन्हें बोलने से रोका जा रहा है। उन्होंने समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा, “आपका प्यार और समर्थन ही मेरी ताकत है। मेरा हाथ थामे रखें।”