IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा मंजूर, 15 सितंबर को होंगी सेवा से मुक्त, बोलीं- ‘पुण्य पंथ है, बढ़े चलो’...
लखनऊ। 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा केंद्र सरकार ने मंजूर कर लिया है। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय की ओर से 14 सितंबर को उनका त्यागपत्र स्वीकार किए जाने का नोटिफिकेशन जारी किया गया। उनका इस्तीफा 15 सितंबर से प्रभावी माना जाएगा।
दिव्या मित्तल ने करीब 15 दिन पहले 30 अगस्त को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने का फैसला किया था। उन्होंने अपने त्यागपत्र में व्यक्तिगत कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन में नए लक्ष्यों को इस्तीफे की वजह बताया था। प्रदेश सरकार ने उनका इस्तीफा केंद्र सरकार को भेजा था, जिसे अब केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने मंजूरी दे दी है।
इस्तीफा मंजूर होने के बाद दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी साझा की। उन्होंने लिखा, ‘पुण्य पंथ है, बढ़े चलो बढ़े चलो।’ उनकी इस पोस्ट को उनके प्रशासनिक करियर के बाद नई दिशा में आगे बढ़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
देवरिया DM पद से हटाए जाने के बाद चर्चा में आई थीं
दिव्या मित्तल को मई 2026 में देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया था। इसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज थीं। अब उनके इस्तीफे के बाद एक बार फिर उनके भविष्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
दिव्या मित्तल को लेकर एक चर्चा यह भी है कि वह आने वाले समय में मीरजापुर से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, चुनाव लड़ने को लेकर उनकी ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा मंजूर होने के साथ ही दिव्या मित्तल के करीब 13 साल लंबे IAS करियर का औपचारिक रूप से अंत हो गया है। अब वह आगे किस क्षेत्र में कदम रखती हैं, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।