{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अगर वो सिंघम हैं तो मैं पुष्पा हूं! जहांगीर खान के बयान से सियासत गरम

 

Kolkata : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। एक वायरल वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें अजय पाल शर्मा और जहांगीर खान के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली।

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा ने इलाके का निरीक्षण करते हुए कथित तौर पर टीएमसी नेता जहांगीर खान को सख्त चेतावनी दी। आरोप है कि जहांगीर खान पर वोटरों को डराने-धमकाने की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब जहांगीर खान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर वो सिंघम हैं तो मैं पुष्पा हूं, झुकूंगा नहीं।” इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

चुनाव आयोग पर TMC का आरोप

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी का आरोप है कि भारत निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा और विपक्षी दलों के पक्ष में माहौल बनाया जा रहा है।

जहांगीर खान ने भी कहा कि यदि किसी जानकारी की जरूरत थी, तो पुलिस अधिकारी स्थानीय प्रशासन के जरिए जानकारी ले सकते थे, लेकिन सीधे दबाव बनाने की कोशिश की गई।

कौन हैं जहांगीर खान?

जहांगीर खान दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार हैं और इलाके में प्रभावशाली नेता माने जाते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य में चुनावी माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिसका असर आगामी मतदान पर भी पड़ सकता है।