{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दिल्ली में BRICS का असर! ताज से लेकर ओबेरॉय तक होटल फुल, कमरों के दाम आसमान पर

 

New Delhi : BRICS शिखर सम्मेलन से पहले राजधानी दिल्ली के लग्जरी होटल बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। 11 से 13 सितंबर के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर विदेशी प्रतिनिधियों, अधिकारियों और मेहमानों की बढ़ती मांग के कारण कई बड़े होटल लगभग पूरी तरह बुक हो चुके हैं। वहीं, जिन होटलों में कमरे उपलब्ध हैं, वहां किराए में कई गुना तक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

बड़े लग्जरी होटलों में कमरे मिलना मुश्किल

बुकिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली के ताज महल, ताज पैलेस और लीला पैलेस जैसे प्रमुख होटलों में सम्मेलन की तारीखों के दौरान कमरों की उपलब्धता बेहद सीमित है या कई जगह पूरी तरह बुकिंग हो चुकी है। वहीं ओबेरॉय में भी कई तारीखों पर कमरे उपलब्ध नहीं बताए जा रहे हैं।

दूसरी ओर आईटीसी मौर्या और शांगरी-ला इरोस जैसे होटलों में उपलब्ध कमरों की कीमतों में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

BRICS समिट से क्यों बढ़ी होटल डिमांड?

BRICS शिखर सम्मेलन भले ही 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होना है, लेकिन विदेशी प्रतिनिधियों और अधिकारियों के दिल्ली में पहले पहुंचने तथा कुछ मेहमानों के अतिरिक्त दिनों तक रुकने से होटल कारोबार पर इसका असर कई दिनों तक दिखाई दे रहा है।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना के चलते नई दिल्ली के प्रमुख इलाकों में होटल कमरों की मांग अचानक बढ़ गई है।

आम यात्रियों पर पड़ेगा असर

होटल कमरों की बढ़ती मांग का सीधा असर दिल्ली आने वाले आम पर्यटकों और कारोबारियों पर भी पड़ सकता है। जिन लोगों ने इन तारीखों के आसपास दिल्ली यात्रा की योजना बनाई है, उन्हें कमरों के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।

वहीं, प्रमुख इलाकों में कमरे उपलब्ध नहीं होने पर यात्रियों को दिल्ली के दूसरे हिस्सों में होटल तलाशने पड़ सकते हैं। ऐसे में कुछ लोग यात्रा की तारीख बदलने या बजट होटल चुनने का विकल्प भी अपना सकते हैं।