{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जेल में इमरान खान की बिगड़ती तबीयत, बोले- शायद जिंदा बाहर न लौट पाऊं, ब्रेन हैमरेज और हार्ट अटैक का बताया खतरा

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अदियाला जेल में बिगड़ती सेहत का हवाला देते हुए शीर्ष न्यायाधीशों से तत्काल इलाज की अपील की है। उन्होंने ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का खतरा बताया। इमरान ने पत्नी बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी जाने की आशंका भी जताई है।
 

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल में अपनी बिगड़ती सेहत को लेकर देश के शीर्ष न्यायाधीशों से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान ने दावा किया है कि उनकी दाहिनी आंख की 85 फीसदी रोशनी जा चुकी है और उन्हें ब्रेन हैमरेज या कार्डियक अरेस्ट का खतरा है। उन्होंने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की आंखों की स्थिति को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है।

इमरान खान ने 16 नवंबर को पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखा। इसमें उन्होंने अपने और बुशरा बीबी के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही पहले दिए गए अदालती आदेशों को लागू कराने की मांग की। उनका यह पत्र उनके वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया।

इमरान खान ने बताया- 22 घंटे तक रखा जाता है एकांत कारावास में

इमरान खान ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से एकांत कारावास में रखा गया है। उनके मुताबिक, उन्हें दिन में करीब 22 घंटे तक अलग रखा जाता है। इस दौरान परिवार के सदस्यों, वकीलों, किताबों, टेलीविजन और अपने बेटों कासिम और सुलेमान से फोन पर बातचीत तक की सुविधा नहीं मिलती।

उन्होंने कहा कि एकांत में रखने का उनकी मानसिक सेहत पर भी असर पड़ा है। इमरान के मुताबिक, जेल के मेडिकल बोर्ड ने उनकी चिंता और मानसिक स्थिति को दर्ज किया था। बोर्ड ने परिवार और पत्नी से अधिक बातचीत करने के साथ पढ़ने की सामग्री और टेलीविजन उपलब्ध कराने की सिफारिश की थी, लेकिन उनके अनुसार इन सुझावों पर अमल नहीं किया गया।

ब्लड प्रेशर 192-193 तक पहुंचने का दावा

इमरान खान ने पत्र में दावा किया कि 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर 192 और 193 तक पहुंच गया था। उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का गंभीर खतरा बताया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके दिल को पहले ही नुकसान पहुंच चुका है।

इमरान ने अपनी दाहिनी आंख की रोशनी 85 फीसदी तक कम होने की बात कही। उनके अनुसार, इस समस्या का पता तब चला जब उनके वकील सलमान सफदर को उनसे मिलने की अनुमति मिली थी।

बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी जाने का भी खतरा

इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने पत्र में दावा किया कि अप्रैल में बुशरा बीबी की आंख का पर्दा (रेटिना) अलग हो गया था। इसके बाद उनकी जटिल सर्जरी हुई, लेकिन इमरान के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद उन्हें फिर एकांत कारावास में भेज दिया गया।

इमरान ने लिखा कि इस महीने जब उन्होंने बुशरा बीबी को देखा तो वह रोशनी बर्दाश्त नहीं कर पा रही थीं और आंखें भी नहीं खोल पा रही थीं। उन्होंने आशंका जताई कि अगर एक और सर्जरी नहीं हुई तो बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है।

अस्पताल में इलाज और सुप्रीम कोर्ट के आदेश का मामला

इमरान खान की हालिया स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं ऐसे समय सामने आई हैं, जब उन्हें 10-11 नवंबर की रात अदियाला जेल से इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) ले जाया गया था। वहां उनकी दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन के इलाज के लिए इंट्राविट्रियल एंटी-VEGF इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर वापस जेल भेज दिया गया।

इमरान खान ने अपने पत्र में 18 अगस्त के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, अदालत ने उन्हें दो दिन के भीतर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित करने, मेडिकल बोर्ड से जांच कराने और परिवार से बातचीत की सुविधा देने का निर्देश दिया था। हालांकि, इमरान का आरोप है कि इस आदेश का पालन नहीं किया गया और उन्हें शिफा अस्पताल के बजाय PIMS ले जाया गया।

उन्होंने न्यायाधीशों से अपील की कि उनकी और बुशरा बीबी की चिकित्सा जरूरतों को गंभीरता से लिया जाए और पहले दिए गए अदालती आदेशों को लागू कराया जाए। पत्र के अंत में उन्होंने कहा कि वह अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए तभी लड़ सकते हैं, जब जिंदा रहेंगे।