{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अब सिर्फ 5 घंटे में जम्मू से श्रीनगर, वंदे भारत एक्सप्रेस को  रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब जम्मू तवी तक कर दिया गया है। यह ट्रेन अब 5 घंटे में सफर पूरा करेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर की कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई गति देगी। जानिए रूट, टाइमिंग और खासियतें।

 

जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के बीच चलती थी, जिसे अब बढ़ाकर जम्मू तवी तक कर दिया गया है।

विकास और कनेक्टिविटी को नई दिशा

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री ओमर अब्दु्ल्लाह भी मौजूद रहे। रेल मंत्री ने इसे कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का परिणाम है, जिसके तहत दुर्गम इलाकों तक आधुनिक रेल सुविधा पहुंचाई जा रही है।

अब सिर्फ 5 घंटे में पूरा होगा सफर

इस विस्तार के बाद जम्मू से श्रीनगर की यात्रा अब बेहद तेज और सुविधाजनक हो गई है। जहां पहले सड़क मार्ग से इस दूरी को तय करने में 10 से 12 घंटे लगते थे, वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस अब करीब 5 घंटे में 267 किलोमीटर का सफर पूरा करेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर ज्यादा आरामदायक बनेगा।

ट्रेन की आधुनिक खूबियां

इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को खास तौर पर जम्मू-कश्मीर की ठंडी जलवायु और पहाड़ी इलाकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

अब इस ट्रेन में 20 कोच होंगे, जबकि पहले 8 कोच ही थे।

सुरक्षा और सुविधा के लिए इसमें कवच एंटी-कोलिजन सिस्टम, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और 180 डिग्री घूमने वाली सीटें दी गई हैं, जो इसे और आधुनिक बनाती हैं।

पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

इस ट्रेन के संचालन से जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक अब सीधे जम्मू पहुंचकर वंदे भारत के जरिए आसानी से श्रीनगर की खूबसूरत वादियों तक पहुंच सकेंगे। नियमित संचालन 2 मई से शुरू होगा और यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) चलेगी।