Independence Day 2026: पहली बार लाल किले की प्राचीर से गूंजेगा ‘वंदे मातरम’, 19 ओलंपियाड मेडलिस्ट होंगे खास मेहमान, मंच पर दिखेगी Gen-Z की ताकत
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस 2026 का राष्ट्रीय समारोह इस बार देश की 'युवा शक्ति' और युवा प्रतिभाओं को विशेष रूप से समर्पित होगा। देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं और अचीवर्स को लाल किले पर आयोजित होने वाले समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।
इनमें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित ओलंपियाड 2026 में देश का नाम रोशन करने वाले 19 पदक विजेता छात्र भी शामिल हैं। इन मेधावी छात्रों को लाल किले की प्राचीर पर बैठकर स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने का विशेष अवसर मिलेगा।
राष्ट्रगीत से होगी समारोह की शुरुआत
रक्षा सचिव आरके सिंह के अनुसार, इस बार समारोह के क्रम में बदलाव किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के बाद कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री तिरंगा फहराएंगे और फिर राष्ट्रगान होगा।
इन क्षेत्रों के युवा भी बनेंगे विशेष अतिथि
स्वतंत्रता दिवस समारोह में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़े युवा अचीवर्स को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें—
- राष्ट्रीय नवाचार कार्यक्रमों से जुड़े युवा
- प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के इंटर्न
- प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के प्रशिक्षित युवा
- स्टार्टअप इंडिया सीड फंड और अन्य सरकारी योजनाओं से मदद पाने वाले स्टार्टअप संस्थापक
- 'माई भारत' के स्वयंसेवक
- पीएम अजय और सीड योजनाओं के लाभार्थी
शामिल हैं।
दिल्ली के सरकारी स्कूलों के छात्रों को भी मौका
विभिन्न क्विज और प्रतियोगिताओं के जरिए चयनित दिल्ली सरकार के स्कूलों के छात्रों को भी इस राष्ट्रीय समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए युवा छात्रों को देश के सबसे बड़े राष्ट्रीय समारोह का हिस्सा बनने और लोकतांत्रिक मूल्यों को करीब से समझने का मौका मिलेगा।
जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले तय थी योजना
युवाओं को विशेष महत्व दिए जाने को लेकर जब रक्षा सचिव आरके सिंह से पूछा गया कि क्या यह फैसला जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद लिया गया है, तो उन्होंने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को समारोह में विशेष स्थान देने की योजना जंतर-मंतर आंदोलन से पहले ही तैयार की जा चुकी थी।
लाल किले से देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर मुख्य समारोह आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और इसके बाद देशवासियों को संबोधित करेंगे। इस बार समारोह में युवा प्रतिभाओं की विशेष भागीदारी इसे और खास बनाने वाली है।