इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का आगाज़, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, 20 देशों के दिग्गजों होंगे शामिल
नई दिल्ली। ग्लोबल साउथ में पहली बार आयोजित हो रही ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ की शुरुआत सोमवार से हो गई। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शाम को राजधानी स्थित Bharat Mandapam में समिट का औपचारिक उद्घाटन किया। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम 16 से 20 फरवरी तक चलेगा।
इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े अहम मुद्दों, जैसे एआई सुरक्षा, गवर्नेंस, डेटा सिक्योरिटी और जिम्मेदार विकास पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। समिट का मकसद एआई को सुरक्षित, समावेशी और जनहितकारी दिशा में आगे बढ़ाना है।
वैश्विक नेताओं और सीईओ की मौजूदगी
समिट में 15 से 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 50 से अधिक मंत्री और 40 से ज्यादा भारतीय व वैश्विक सीईओ हिस्सा ले रहे हैं। प्रमुख हस्तियों में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक Bill Gates, गूगल के सीईओ Sundar Pichai, बायोकॉन ग्रुप की अध्यक्ष Kiran Mazumdar-Shaw, ओपनएआई के सीईओ Sam Altman और फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron शामिल हैं।
युवा एआई प्रोग्राम पर खास फोकस
समिट के दौरान ‘युवा एआई प्रोग्राम’ भी आयोजित किया जा रहा है, जो एक ग्लोबल यूथ चैलेंज है। इसका उद्देश्य छात्रों और युवा पेशेवरों में एआई के प्रति जागरूकता और नवाचार को बढ़ावा देना है। इस चैलेंज के लिए 38 देशों से करीब 2500 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय की ओर से 20 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिनमें 15 टीमें भारत से हैं। शीर्ष फाइनलिस्ट का चयन वर्ष 2025 में किया गया था।
पांच दिन होंगे चर्चाओं और प्रकाशनों के नाम
समिट के दौरान स्वास्थ्य, ऊर्जा, शिक्षा, कृषि, सशक्तिकरण और दिव्यांगजनों के लिए एआई के उपयोग पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। ‘अप्लाइड एआई’ पर विशेष सत्र होंगे और केसबुक सहित कई प्रमुख प्रकाशन जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा ‘AI by Her: ग्लोबल इंपैक्ट चैलेंज’ का आयोजन Sushma Swaraj Bhawan में किया जाएगा। पैनल चर्चा और गोलमेज सम्मेलन भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। साथ ही, भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट एक्सपो भी आयोजित किया जा रहा है।
600 से ज्यादा स्टार्टअप्स और 300 विदेशी पत्रकार
समिट में हेल्थकेयर, एग्रीटेक, एजुकेशन, साइबर सिक्योरिटी और अर्बन डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों के 600 से अधिक स्टार्टअप्स भाग ले रहे हैं। एआई क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करने के लिए 13 देशों के पवेलियन भी बनाए गए हैं।
दुनियाभर से 300 से अधिक विदेशी पत्रकारों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है, जिससे यह आयोजन वैश्विक स्तर पर खासा चर्चित हो गया है।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को एआई के भविष्य की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है, जहां तकनीक, नीति और नवाचार एक साथ नजर आ रहे हैं।