ख्वाजा आसिफ के बयान पर भारत का पलटवार, राजनाथ सिंह ने कहा- 1971 याद है ना ?
New Delhi : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के पश्चिम बंगाल को लेकर दिए गए विवादित बयान पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। Rajnath Singh ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए 1971 के युद्ध की याद दिलाई।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को 55 साल पहले की उस घटना को नहीं भूलना चाहिए, जब उसने बंगाल की ओर नजर उठाई थी और भारत ने उसे दो हिस्सों में बांट दिया था। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान इस तरह की हरकत दोहराता है, तो इस बार उसका अंजाम और भी गंभीर होगा।
“भड़काऊ बयान से बचें”
पश्चिम बंगाल में एक कार्यक्रम के दौरान मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को राजनाथ सिंह ने कहा कि ख्वाजा आसिफ को इस तरह के भड़काऊ बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि ऐसी गलतियों का पाकिस्तान को पहले भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
क्या कहा था ख्वाजा आसिफ ने?
दरअसल, 4 अप्रैल को सियालकोट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ख्वाजा आसिफ ने भारत को धमकी देते हुए कहा था कि अगर भारत कोई सैन्य कार्रवाई करता है, तो पाकिस्तान कोलकाता तक निशाना साध सकता है। उनके इस बयान के बाद भारत में राजनीतिक हलकों और आम जनता के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
देशभर में बढ़ी प्रतिक्रिया
पाकिस्तानी मंत्री के इस बयान पर भारत के विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है। अब केंद्र सरकार की ओर से भी सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया गया है कि देश की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।