{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कराची हमले पर भारत का पलटवार, विदेश मंत्रालय बोला- बिना आधार के आरोप न लगाए पाकिस्तान

 

New Delhi : पाकिस्तान के कराची में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले को लेकर लगाए गए आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने रविवार को स्पष्ट कहा कि पाकिस्तान को बिना आधार के आरोप लगाने के बजाय अपने देश में सक्रिय आतंकी ढांचे पर ध्यान देना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कराची हमले से जुड़े भारत पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और भारत इन्हें खारिज करता है। उन्होंने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा कि वह “दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय अपने गिरेबान में झांके” और आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई करे।

भारत ने अपने बयान में यह भी कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को लेकर दोहरे रवैये अपनाता रहा है, जिसे अब खत्म करने की जरूरत है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप की निंदा करता है और क्षेत्रीय शांति के लिए प्रतिबद्ध है।

Our response to media queries regarding allegations made by Pakistan ⬇️https://t.co/08biu984kA pic.twitter.com/eJ88YvCQvH

— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) June 28, 2026


यह बयान उस समय आया है जब पाकिस्तान ने दावा किया था कि कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स के भिट्टाई विंग मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले को उसने नाकाम कर दिया। इस हमले में चार जवानों की मौत और छह आतंकियों के मारे जाने की जानकारी दी गई थी, जबकि एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया था।

पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस हमले के पीछे प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के गुट जमात-उल-अहरार के शामिल होने का दावा किया है, जिसने बाद में हमले की जिम्मेदारी भी ली।

भारत ने अपने बयान में साफ किया कि किसी भी तरह के आतंकवादी हमले को लेकर भारत को अनावश्यक रूप से घसीटना गलत है और इससे क्षेत्रीय स्थिरता को नुकसान पहुंचता है।