{"vars":{"id": "130921:5012"}}

IndiGo Crisis: अब एयरलाइंस नहीं बेच पाएंगी महंगी टिकट, सरकार ने लगाया फेयर कैप, जानें किस रूट का होगा कितना किराया

 

इंडिगो एयरलाइंस की तकनीकी गड़बड़ी से पिछले कुछ दिनों से देशभर के हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। हजारों यात्री फंसे रहे, उड़ानें रद्द या लेट हुईं, जिसका फायदा उठाते हुए अन्य एयरलाइंस ने अचानक किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी। कई रूट्स पर टिकट के दाम दो से तीन गुना तक पहुंच गए। इस स्थिति पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सरकार ने घरेलू उड़ानों के लिए फेयर कैप लागू कर दिया है, जिससे कोई भी एयरलाइंस मनमाने दाम नहीं वसूल सकेगी।

अब किस रूट पर अधिकतम कितना किराया?

नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा लागू किए गए नए फेयर कैप के अनुसार

  • 500 किमी तक का सफर: अधिकतम ₹7,500

  • 500 से 1000 किमी: अधिकतम ₹12,000

  • 1000 से 1500 किमी: अधिकतम ₹15,000

  • 1500 किमी से अधिक: अधिकतम ₹18,000

इन रकमों में UDF, PSF और टैक्स शामिल नहीं होंगे। सरकार ने यह सीमा तब तक लागू रहने की बात कही है, जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती।

यात्रियों के लिए राहत: रिफंड और बैगेज पर आदेश

सरकार ने इंडिगो को निर्देश दिए हैं कि सभी रिफंड रविवार रात 8 बजे तक जारी कर दिए जाएं। 48 घंटे के भीतर सभी मिसिंग बैगेज खोजकर यात्रियों के घर तक पहुंचाया जाए। प्रभावित यात्रियों से रीशेड्यूलिंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। इंडिगो को खास तौर पर स्पेशल सपोर्ट और रिफंड सेल बनाने के आदेश भी मिले हैं।

सरकार का यह कदम यात्रियों को अप्रत्याशित किराया वृद्धि और असुविधा से राहत देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।