{"vars":{"id": "130921:5012"}}

घायल युवक की जान बचाने निकले थे, खुद सड़क हादसे में गवां दी जान, एक ही गांव के 5 युवकों की मौत

 
गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चरड़वा गांव के बाहरी इलाके में उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार फैक्ट्री से निकल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

जानकारी के अनुसार, रणछोड़गढ़ गांव निवासी 24 वर्षीय परेश दहैया मानसर गांव के पास एक बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी हालत नाजुक होने पर गांव के कुछ युवक उन्हें कार से अस्पताल ले जा रहे थे ताकि समय रहते उनका इलाज कराया जा सके।

बताया जा रहा है कि रात करीब 9:30 बजे चरड़वा गांव के पास एक पेट्रोल पंप के सामने फैक्ट्री से निकल रहा एक डंपर अचानक सड़क पर मुड़ गया। अस्पताल पहुंचने की जल्दबाजी में जा रही कार डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डंपर के नीचे घुस गई और उसमें बैठे लोग लोहे के ढांचे के बीच बुरी तरह फंस गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से कार की बॉडी को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान रणछोड़गढ़ गांव निवासी 45 वर्षीय सुरेश सिहोरा, 28 वर्षीय वीरम दहैया, 24 वर्षीय परेश दहैया, प्रेमजी दहैया और भरत दहैया के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश दहैया और दिलीप दहैया गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का इलाज मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि जिन युवकों ने एक घायल साथी की जान बचाने के लिए अस्पताल की ओर दौड़ लगाई थी, वही रास्ते में काल के ग्रास बन गए। घटना के बाद रणछोड़गढ़ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।