ईरान ने टोगो के झंडे वाले केमिकल टैंकर पर किया हमला, 12 भारतीय क्रू सदस्य थे सवार
नई दिल्ली। ईरान ने वेस्ट अफ्रीका के देश टोगो के झंडे वाले केमिकल टैंकर MT Chiron पर हमला कर दिया। इस जहाज पर 12 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। शिपिंग मंत्रालय ने सोमवार को स्पष्ट किया कि सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
हमला ओमान के शिनास बंदरगाह क्षेत्र के बाहरी इलाके में हुआ। जहाज अन्य जहाजों के साथ काफिले में आगे बढ़ रहा था, तभी ईरानी कोस्ट गार्ड (IRGC गनबोट्स) ने इसे रोकने की कोशिश की। चेतावनी देने के बाद ईरानी बलों ने गोलियां चलाईं।
शिपिंग मंत्रालय का बयान
पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मनदीप सिंह रंधावा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, “फारसी खाड़ी में मौजूद सभी भारतीय जहाजों और उनके चालक दल पर कड़ी नजर रखी जा रही है। फारसी खाड़ी में मौजूद सभी नाविक सुरक्षित हैं।”
मंत्रालय के अनुसार, MT Chiron टोगो फ्लैग वाला केमिकल टैंकर है। इसमें कुल क्रू मेंबर्स के साथ 12 भारतीय भी शामिल थे। घटना के बाद भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
यह घटना वेस्ट एशिया में जारी तनाव के बीच हुई है, जहां हाल के दिनों में समुद्री मार्गों पर कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। भारतीय सरकार ने सभी भारतीय जहाजों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए हुए हैं।
अधिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल जहाज की आगे की स्थिति और हमले के सटीक कारणों की जांच जारी है। शिपिंग मंत्रालय ने कहा है कि सभी भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।